Home सोनभद्र निःशुल्क कृत्रिम अंग शिविर में सैकड़ों दिव्यांगों को मिली नई आशा

निःशुल्क कृत्रिम अंग शिविर में सैकड़ों दिव्यांगों को मिली नई आशा

by bstnews team

आयुष श्रीवास्तव/गरिमा मिश्रा 

रेणुकूट (सोनभद्र) : मानव सेवा को समर्पित रोटरी क्लब रेणुकूट द्वारा अध्यक्ष रो. सुनील कांत पांडेय के आह्वान पर तथा रो. डॉ. नीलम त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में, रो. संजय रूंथला एवं रो. डॉ. प्रेमलता के विशेष प्रयासों से निःशुल्क कृत्रिम अंग परीक्षण एवं वितरण शिविर का भव्य आयोजन रोटरी बाल शिक्षा निकेतन, मूर्धवा, रेणुकूट में किया गया।


इस शिविर का आयोजन रोटरी क्लब वाराणसी सनराइज एवं भगवान महावीर विकलांग केंद्र ,हिंडाल्को, ग्रासिम एवं बिरला कार्बन सीएसआर के सहयोग से किया गया, जिसमें इनर व्हील, परोपकार सेवा समिति भी संयुक्त रूप से सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।


शिविर का उद्घाटन रोटरी क्लब रेणुकूट के अध्यक्ष रो. सुनील कांत पांडेय एवं रोटरी क्लब वाराणसी सनराइज के रो. डॉ. राजेश द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने इस सेवा कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत आवश्यक एवं प्रेरणादायक पहल बताया।


शिविर में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे, जो आशा एवं आत्मनिर्भरता की उम्मीद लेकर आए थे। विशेषज्ञों की टीम द्वारा सभी दिव्यांगजनों का परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता अनुसार कृत्रिम अंगों के लिए माप लिया गया। चयनित दिव्यांगजनों को आगामी सप्ताह में कृत्रिम अंग प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे पुनः सामान्य एवं आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब रेणुकूट के अध्यक्ष रो. सुनील कांत पांडेय ने कहा कि रोटरी क्लब रेणुकूट सदैव *“Service Above Self”* के सिद्धांत पर कार्य करता आया है और भविष्य में भी इस प्रकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को निरंतर जारी रखेगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाई जा सके।


क्लब सचिव रो. अजित अस्थाना ने कहा कि क्लब के सदस्यों का समाज के प्रति समर्पण एवं उत्साह ही इस प्रकार के कार्यक्रमों को सफल बनाने की शक्ति देता है। रोटरी क्लब आगे भी इसी भावना के साथ सेवा कार्य करता रहेगा।


हिंडाल्को सीएसआर के प्रमुख अनिल झा ने कहा कि सामाजिक दायित्व के अंतर्गत रोटरी क्लब के साथ उनका सहयोग भविष्य में भी निरंतर बना रहेगा।


शिविर में आए सभी दिव्यांगजनों एवं उनके साथ आए परिजनों के लिए नाश्ता एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के सफल संचालन में रोटरी क्लब रेणुकूट एवं रोटरी क्लब वाराणसी सनराइज के सदस्यों ने सेवा भाव से सक्रिय भूमिका निभाई।

साथ ही इनर व्हील, परोपकार सेवा समिति एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने भी समर्पण भाव से सहयोग कर रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो डॉ आसुतोष अग्रवाल के *“Unite for Good”* संदेश को पूर्ण रूप से सार्थक किया।


कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब रेणुकूट द्वारा सभी सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।

You may also like