धानापुर (चन्दौली) : सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि युवा ही देश का भविष्य हैं और युवाओं के भविष्य से जुड़े वादों को कभी भुलाया नहीं जाना चाहिए। धानापुर में आयोजित दौड़ प्रतियोगिता युवाओं से किया गया वही वादा था, जो पूर्व में मौसम की बेरुखी के कारण टल गया था और आज उसे पूरा किया गया।
धानापुर स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आयोजित इस दौड़ प्रतियोगिता में भारी संख्या में जुटे युवाओं के जोश और जज्बे ने यह साबित कर दिया कि यदि उन्हें अवसर मिले तो वे किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिन जनप्रतिनिधियों को युवाओं और उनके परिजनों ने वोट देकर सत्ता की ताकत सौंपी, वे आज युवाओं को देश सेवा का अवसर देने में असफल रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि युवाओं के हक और उनके भविष्य के लिए संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सत्ता में लौटने के बाद युवाओं के लिए पुनः सेना भर्ती प्रक्रिया को शुरू कराने का कार्य किया जाएगा, ताकि ग्रामीण अंचल के युवाओं का सेना में भर्ती होने का सपना साकार हो सके। युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
दौड़ प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग में छह-छह राउंड की दौड़ कराई गई। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में चनहटा निवासी बाबूलाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मोटरसाइकिल जीती, जबकि बालिका वर्ग में जमुनीपुर की मनीषा राय ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्कूटी हासिल की। इसके अलावा छह बालक एवं छह बालिकाओं को साइकिल देकर सम्मानित किया गया। द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड, मेडल एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
पूर्व विधायक ने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष पुनः दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 25 बालक एवं बालिकाओं को साइकिल तथा पांच-पांच युवक एवं युवतियों को मोटरसाइकिल प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रतियोगिता में अव्वल आने वाले बालक एवं बालिकाओं को चार पहिया वाहन देने का भी आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर रामजनम यादव, रमेश यादव, मेराज खान लड्डू, शाहआलम खान, जानकी यादव, सहरेआलम खान, रामधनी यादव, संदीप गुप्ता, अखिलेश सिंह, सूर्यपाल सिंह, रजनीश सिंह, सुरेश यादव, रामदुलारे कनौजिया, महंगु राम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आतिफ खान ने किया।
युवाओं की दौड़ प्रतियोगिता में उमड़ा जोश, पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने निभाया वादा
previous post