मस्तराम मिश्रा / आयुष श्रीवास्तव
महोबा। भारतीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मणिशंकर सिन्हा के साथ मानिकपुर रेलवे स्टेशन पर चोरी की घटना हुई। महोबा में पत्रकारों के सम्मेलन में शामिल होने जा रहे सिन्हा जी की ट्रेन मानिकपुर स्टेशन पर खड़ी थी, तभी एक उचक्का उनके हाथ से मोबाइल झपट्टा मारकर भाग गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिन्हा जी ने फुर्ती दिखाते हुए शोर मचाते हुए “चोर-चोर” चिल्लाते हुए उसका पीछा किया। प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों के सहयोग से चोर को दौड़ाकर पकड़ लिया गया।
घटना के बाद सिन्हा जी ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना पर बांदा स्टेशन से जीआरपी के जवान आए और खानापूर्ति कर जांच-पड़ताल की, लेकिन उन्होंने मामला मानिकपुर जीआरपी का बताते हुए एफआईआर महोबा में कराने की सलाह दी।
सिन्हा जी का आरोप है कि जब उन्होंने मानिकपुर जीआरपी से संपर्क किया तो बताया गया कि चोर को जेल भेज दिया गया है, लेकिन किस धारा में कार्रवाई हुई, इसका कोई लिखित जवाब, एफआईआर कॉपी या प्रेस विज्ञप्ति आज तक नहीं दी गई। जीआरपी की यह कार्रवाई संदिग्ध लग रही है।
इससे असंतुष्ट होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मणिशंकर सिन्हा ने अब दोबारा जीआरपी में विधिवत एफआईआर दर्ज कराने का निर्णय लिया है। परिषद के पदाधिकारियों ने रेलवे सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
