पड़ाव आश्रम में गूंजे राष्ट्र निर्माण के संकल्प, औघड़ बाबा गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में भव्यता से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

वरिष्ठ पत्रकार राजेश निगम,


श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान, पड़ाव (वाराणसी) में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस।


​मुख्य प्रेरणा: “संस्कार, अनुशासन और प्रेरणा से ही बनेगा महान राष्ट्र” पूज्यपाद औघड़ बाबा गुरुपद संभव राम जी।
​विशेष प्रस्तुतियां: बच्चों द्वारा वीर शहीदों के जीवन पर आधारित सजीव प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम।


​सम्मान एवं जागरूकता: मेधावी छात्रों को स्वर्ण-पदक व छात्रवृत्ति से सम्मान तथा स्वास्थ्य एवं सर्पदंस से बचाव जागरूकता अभियान।
​अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी में शनिवार, 15 अगस्त 2026 को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। संस्था के अध्यक्ष पूज्यपाद औघड़ बाबा गुरुपद संभव राम जी के पावन सान्निध्य में आयोजित इस समारोह ने उपस्थित सभी लोगों के हृदयों में राष्ट्रभक्ति और संस्कारों की अलख जगाई।


​प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सुबह 8:30 बजे आश्रम परिसर में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के गूंज के साथ ध्वजारोहण संपन्न हुआ, जिसे अवधूत भगवान राम नर्सरी विद्यालय के मेधावी छात्र अभास और छात्रा अनन्या राठौर ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से पधारे सुनील कुमार सोनी ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अघोरेश्वर महाप्रभु ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि माना है और “आज का कर्म ही कल का भविष्य होता है।”

लायंस क्लब वाराणसी के अध्यक्ष अश्वनी कुमार सिंह एवं चेयरपर्सन सुनील कुमार टंडन ने भी बच्चों को संबोधित किया तथा लायंस क्लब द्वारा विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं को अंग-वस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। इस ध्वजारोहण कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्री ज्ञानेंद्र जी ने किया।


​सुबह 10:30 बजे आश्रम के मुख्य सभागार में पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी की उपस्थिति में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी ने बहुत ही मार्मिक और गहरी बात कही कि “अभिभावक, माता-पिता या जो भी बड़े लोग हैं, वे बालक-बालिकाओं के सामने कोई ऐसा व्यवहार-आचरण न करें, जिससे वे गलत रास्ते पर चले जाएं।

क्योंकि बच्चे बड़ों के आचरण को देखकर ही सीखते हैं। बच्चों की प्रगति के लिए हमें खुद को अनुशासित और संयमित रखना होगा। अपने अच्छे विचार केवल विद्यालय में ही नहीं, बल्कि घरों में भी साझा करें, तभी हमारा देश महान बनेगा।”
​इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में नर्सरी विद्यालय के नन्हे कलाकारों ने भक्ति, देशभक्ति और प्रेरणादायी कविताओं के साथ-साथ छत्रपति शिवाजी महाराज, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी के अमर बलिदान को जीवंत करते हुए शानदार प्रस्तुतियां दीं।

सत्र 2025-26 में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पूज्यपाद बाबा जी के कर-कमलों द्वारा स्वर्ण-पदक, प्रशस्ति-पत्र एवं मेधा छात्रवृत्ति प्रदान की गई, तथा द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों को उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं के पूर्व अपर निदेशक डॉ. वी.पी. सिंह एवं श्री सर्वेश्वरी समूह के उपाध्यक्ष श्री सुरेश सिंह द्वारा प्रशस्ति-पत्र और मेधा छात्रवृत्ति से नवाजा गया।

कार्यक्रम के अंत में प्रोजेक्टर के माध्यम से चलचित्र दिखाकर बच्चों और उपस्थित जनसमूह को स्वास्थ्य रक्षा तथा सर्पदंस से बचाव के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री देवेन्द्र कुमार सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया और प्रसाद वितरण के साथ इस राष्ट्रीय पर्व का समापन हुआ। सांस्कृतिक सत्र का सफल संचालन शिक्षक श्री विजय प्रताप जी ने किया, तथा समस्त शिक्षकों के सहयोगात्मक प्रयासों से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!