पिपरी वासियों से जुड़े वादों के पुनः रेस्टोरेशन को लेकर एसडीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र
पिपरी (सोनभद्र) । पिपरी क्षेत्र के निवासियों से जुड़े न्यायालयीन मामलों के पुनः रेस्टोरेशन की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, सोनभद्र के नगर अध्यक्ष अजीत कुमार गुप्ता ने उप जिलाधिकारी दुद्धी को प्रार्थना पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना पत्र में वाद संख्या 1312/2024 एवं 1310/2024 से संबंधित मामलों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि इन मामलों में 19 अप्रैल 2024 को निर्णय पारित हुआ था। पत्र के अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने पर संगठन के संज्ञान में आया कि उक्त मामलों से प्रभावित पिपरीवासियों के हितों को लेकर पुनः कार्रवाई की आवश्यकता है।

नगर अध्यक्ष अजीत कुमार गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित मामलों की रेस्टोरेशन की कार्रवाई कराते हुए प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि मामले में न्यायहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रार्थना पत्र की प्रति संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई एवं संज्ञान के लिए प्रेषित किए जाने का उल्लेख किया गया है।
