दिर्घायु – वरिष्ठ नागरिकों की प्रेरणादायी बैठक सम्पन्न
पिपरी (सोनभद्र) : पिपरी क्षेत्र के गुप्ता होटल के समीप स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों की एक गरिमामयी एवं उद्देश्यपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में बुजुर्गों की भूमिका, सामाजिक दायित्व, स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा भाव जैसे विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।

बैठक का आयोजन गुप्ता होटल क्षेत्रवासी रमेश सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सम्मानित वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के संयोजक अवधेश शुक्ला ने “दिर्घायु” विषय पर प्रभावशाली भाषण देते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि दिर्घायु केवल लंबी उम्र का नाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सक्रिय और समाजोपयोगी जीवन का प्रतीक है।
बैठक के दौरान सुनील कुमार ने रक्तदान जैसे पुण्य कार्य को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण विचार रखा। उन्होंने रक्तदान हेतु इच्छुक लोगों के नाम और उनके ब्लड ग्रुप की जानकारी एकत्र करने का प्रस्ताव रखा, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सराहनीय और जनहितकारी कदम बताया।
वहीं कमलेश कुमार और अजय गौतम ने इस आयोजन को सुसंयोग बताते हुए कहा कि इस प्रकार की बैठकों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।

इस अवसर पर रामशंकर सिंह, सतीश श्रीवास्तव, बलिराम ठाकुर, एल. प्रसाद, अमर शाह, राम औतार, राकेश मौर्य, नन्दलाल सिंह सहित अनेक गणमान्य वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
सभी ने बैठक को अत्यंत सफल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से करने पर सहमति जताई।
अंत में यह बैठक वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, सेवा और सामाजिक एकजुटता का सशक्त संदेश देती हुई प्रेरणास्पद वातावरण में सम्पन्न हुई।
