विश्व रक्तदाता दिवस पर रोटरी क्लब रेनुकूट द्वारा हिंडाल्को ब्लड सेंटर में रक्तदान शिविर का आयोजन

रेनुकूट (सोनभद्र) : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब रेनुकूट द्वारा हिंडाल्को ब्लड सेंटर में रक्तदान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

Oplus_16908288

कार्यक्रम का उद्घाटन हिंडाल्को ब्लड सेंटर के प्रमुख डॉ. मनोज मालपानी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। एक यूनिट रक्त कई लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकता है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

Oplus_16908288

रक्तदान अभियान की शुरुआत रोटेरियन मनीष सिंह एवं रोटेरियन विशाल कश्यप द्वारा रक्तदान कर की गई। कार्यक्रम में रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कई दुर्लभ ग्रुप के डोनर का पंजीकरण भी किया गया जो जरूरत होने पर स्वेच्छा से रक्तदान करेंगे।

कार्यक्रम को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में रो. मनीष सिंह की विशेष भूमिका रही। वहीं रो. उमेश मिश्रा ने सभी रक्तदाताओं की देखरेख की तथा रक्तदान के उपरांत उनके जलपान एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का ध्यान रखा।

क्लब के उपाध्यक्ष रो. कमलेश सिंह ने कहा कि रक्तदान न केवल एक सामाजिक दायित्व है, बल्कि यह मानवता के प्रति हमारी संवेदनशीलता और सेवा भावना का प्रतीक भी है। रोटरी का मूल मंत्र “Service Above Self” अर्थात “स्वयं से ऊपर सेवा” ऐसे ही सेवा कार्यों के माध्यम से साकार होता है।

क्लब के ट्रेनर रो संजय रूंथला ने रक्तदान की आवश्यकता एवं रक्तदान से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का कार्य करता है। नियमित रक्तदान करने से शरीर में नए रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, स्वास्थ्य की जांच भी होती रहती है तथा हृदय संबंधी बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायता मिलती है। उन्होंने सभी स्वस्थ नागरिकों से समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की सफलता पर क्लब के सचिव रो. अजित अस्थाना ने सभी रक्तदाताओं, रोटरी सदस्यों एवं हिंडाल्को ब्लड सेंटर की टीम को बधाई देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग एवं सहभागिता से ही ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम सफल हो पाते हैं और रोटरी क्लब भविष्य में भी मानव सेवा के ऐसे कार्य निरंतर करता रहेगा।

सभी रोटरी सदस्यों एवं हिंडाल्को ब्लड सेंटर के सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने समाज में रक्तदान के महत्व का संदेश देने के साथ-साथ मानव सेवा एवं परोपकार की भावना को भी सशक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!