आयुष श्रीवास्तव /गरिमा मिश्रा / अनुज अग्रवाल
सोनभद्र, 17 अगस्त 2026
श्रावण मास में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रविवार को जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा ने घोरावल थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध शिवद्वार मंदिर और मंदिर मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन और मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर में प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन का जायजा लिया। मंदिर तक जाने वाले मार्ग की स्थिति और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता जांची। साथ ही ड्रोन कैमरे के माध्यम से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की निगरानी की गई। एसपी ने भीड़ के मद्देनजर प्रभावी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए।

डीएम ने मंदिर परिसर और आसपास साफ-सफाई, पेयजल और मेडिकल सुविधा की उपलब्धता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भीड़ और यातायात का सुचारु प्रबंधन प्राथमिकता से किया जाए।

अधिकारियों ने श्रावण मास के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
