आयुष श्रीवास्तव / गरिमा मिश्रा / अनुज अग्रवाल
रेणुकूट (सोनभद्र) : प्रशासन की टीम ने शनिवार को नगर के खाड़पाथर स्थित चीनी स्टॉकिस्ट आरके सेल्स के गोदाम पर छापेमारी की। अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से गोदाम परिसर में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में चीनी का स्टॉक मिला, लेकिन मौके पर स्टॉक से संबंधित आवश्यक अभिलेख अथवा दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके।

कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार, आपूर्ति निरीक्षक परवेज आलम और लेखपाल रंजय यादव की टीम ने गोदाम में रखे चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच में कुल 450 बोरा चीनी बरामद हुई।

अधिकारियों ने स्टॉक की खरीद, बिक्री और भंडारण से संबंधित अभिलेख मांगे, लेकिन मौके पर दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

प्रशासनिक टीम अब बरामद चीनी के स्टॉक का सत्यापन कर यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में चीनी किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसका भंडारण निर्धारित नियमों के अनुरूप है या नहीं। इसके साथ ही चीनी की खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेखों की भी जांच की जाएगी।

अधिकारियों ने मौके से आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। तहसील प्रशासन के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही मामले में नियमानुसार कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी। छापेमारी की खबर से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही।
