इन्दौर / गारी पिपलिया
श्री सर्वेश्वरी समूह के स्थापना दिवस के पावन पर्व इस वर्ष अत्यधिक श्रद्धा, उत्साह और सेवा भाव के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पूर्व निर्धारित रूपरेखा के अनुसार गाँव गारी पिपलिया में वृहद स्तर पर पौधारोपण एवं पौध वितरण का कार्यक्रम अत्यंत सफलता के साथ संपन्न हुआ।

सुबह निर्धारित समय पर सभी माताओं, धर्म बन्धुओं और श्रद्धालुओं ने आश्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और “जय माँ गुरू” के जयकारों के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए पौध वितरण स्थल के लिए प्रस्थान किया। गाँव के लोगों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की सफलता पर गारी पिपलिया के संदीप पटेल ने सभी ग्रामवासियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रमुख महानुभावों के प्रेरणादायी संदेश
इस पावन और ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित विशिष्ट गणमान्य सदस्यों ने अपने संदेशों के माध्यम से समाज को एक सुंदर प्रेरणा दी:
श्री राधेश्याम पटेल: ”पेड़-पौधे हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए जीवन का सबसे बड़ा आधार हैं। इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और प्रकृति की सेवा को अपना धर्म समझें।”

श्रीमती संचिता सिंह बिचौली : आज सिर्फ पेड़ लगाना विषय नहीं है, पेड़ के साथ धरती को बांझ होने से बचाने का संकल्प भी हमें लेना चाहिए, हमारी धरती, हमारी मिट्टी, हमारे जल और आने वाली पेड़ों के भविष्य का विषय है। हमें समझना होगा धरती हमारी संपत्ति नहीं हमारी जवाबदारी है, वृक्षारोपण का मतलब यह नहीं है कि हम पेड़ लगाकर फोटो खींचे, असली वृक्षारोपण तब है जब हम उसे पानी दें, उसकी रक्षा करी और उसे बड़ा होते देखे।

आज हमें केवल पेड़ लगाने का संकल्प नहीं लेना है, बालकी धारी को जीवित और उपजाउ बनाने का भी संकल्प लेना है। हरियाली से ही जीवन में सच्ची खुशहाली आती है। आइए, हम सब मिलकर पौधे रोपें और उनकी अपने बच्चों की तरह देखभाल करने का संकल्प लें।”

लेफ्टिनेंट कर्नल रतन गिरी: “अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की तरह ही पर्यावरण की रक्षा करना भी प्रत्येक नागरिक का प्रथम कर्तव्य है। इस महाअभियान से जुड़कर देश और समाज को हरा-भरा बनाएं।”
श्री मदन मोहन अग्निहोत्री: ”धार्मिक अनुष्ठानों और आस्था के साथ प्रकृति की सेवा करना ही सबसे बड़ा पुण्य है। आइए, इस उत्सव को बड़े पैमाने पर सफल बनाएं।”

श्रीमती कल्याणी मिश्रा: ”मातृशक्ति का हमेशा से प्रकृति के साथ अटूट जुड़ाव रहा है। अपने घर-आंगन को पौधों से सजाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।”
श्रीमती रंजना निगम (पूर्व प्रधान अध्यापिका): ”शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों और समाज को प्रकृति से जोड़ना भी है। जिस प्रकार एक गुरु अपने शिष्य को सींचकर संवारता है, उसी प्रकार हमें भी इन नन्हे पौधों को अपने बच्चों की तरह पाल-पोषकर एक हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करना चाहिए। आइए, इस पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें।

श्री राजेश निगम (वरिष्ठ पत्रकार एवं म.प्र. प्रदेश अध्यक्ष BPSP): ”पत्रकारिता और समाज सेवा के साथ-साथ प्रकृति का संरक्षण करना हमारा सबसे बड़ा नैतिक और सामाजिक कर्तव्य है। आज गारी पिपलिया में आयोजित इस सफल वृक्षारोपण कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया है कि जब समाज एकजुट होता है, तो बड़े बदलाव संभव हैं। आइए, हम सब मिलकर इस हरियाली को बचाए रखें और आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ एवं स्वच्छ पर्यावरण का उपहार दें।”

कल का मुख्य अनुष्ठान (21 सितम्बर)
स्थापना दिवस का मुख्य पर्व कल 21 सितम्बर 2026 (सोमवार) को प्रातः 10 बजे से इन्दौर आश्रम परिसर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान ध्वजारोहण, विशेष पूजन, आरती और सफल योनि का पाठ संपन्न होगा, जिसके उपरांत सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
इस सफल एवं पवित्र अवसर पर अवधूत, अमरदीप मौर्य, मंजू, मधु, गुरु गोपाल, प्रवीण लोखंडे, अनुपम श्रीवास्तव, राहुल निगम सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
समिति की ओर से सभी क्षेत्रवासियों से सादर अनुरोध किया गया है कि वे कल के मुख्य उत्सव में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य कार्य का लाभ उठाएं।
!! जय माँ गुरू !! | !! जय माँ सर्वेश्वरी !!
राजेश निगम
म.प्र. प्रदेश अध्यक्ष
भारतीय पत्रकार सुरक्षा परिषद एवं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा
