पिपरी में एसडीएम न्यायालय कक्ष की जर्जर छत का बल्ली-शीट गिरा, बड़ा हादसा टला; कल लगना है साप्ताहिक कोर्ट


पिपरी (सोनभद्र) : नगर पंचायत पिपरी स्थित न्यायालय उप जिलाधिकारी / उप जिला मजिस्ट्रेट (दुद्धी/पिपरी, सोनभद्र) के न्यायालय कक्ष की छत गुरुवार को अचानक टूटकर गिर पड़ी। छत में लगी भारी लकड़ी की बल्ली और शीट सीधे न्यायालय की मुख्य मेज पर आ गिरी। गनीमत रही कि घटना के समय कक्ष में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।


गौरतलब है कि पिपरी स्थित इस न्यायालय में प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक कोर्ट का संचालन होता है, जिसमें क्षेत्र के वादकारी, अधिवक्ता व न्यायालय कर्मी उपस्थित रहते हैं। कोर्ट लगने से ठीक एक दिन पहले छत गिर जाने से अब शुक्रवार को न्यायिक कार्य के संचालन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।


न्यायालय भवन की दयनीय और जर्जर स्थिति को देखते हुए कार्यालय उप जिलाधिकारी, दुद्धी द्वारा पूर्व में ही पत्राचार कर इसके जीर्णोद्धार व मरम्मत की मांग की जा चुकी है। सीएसआर (CSR) निधि के तहत न्यायालय संचालन कक्ष, पीठासीन अधिकारी कक्ष, अभिलेख कक्ष तथा जनसामान्य व महिलाओं के लिए शौचालय आदि की व्यवस्था कराने हेतु अनुरोध पत्र भेजा गया था।


भवन के अत्यंत जर्जर होने और छत गिर जाने के कारण अब यहां नियमित न्यायिक कार्य सुचारू रूप से संचालित करने में काफी असुविधा व परेशानी खड़ी हो गई है। लोगों का कहना है कि वादकारियों व कर्मचारियों की सुरक्षा और न्यायिक कार्य के सुगम संचालन के लिए भवन की अविलंब मरम्मत कराई जानी आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!