चित्रगुप्त सभा का भव्य फाल्गुनोत्सव: सामाजिक एकता के साथ 32 सहयोगियों का सम्मान


सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत-संगीत और काव्य पाठ से सजी रंगारंग शाम

गाजियाबाद, 14 मार्च 2026।
सामाजिक एकता, समरसता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गाजियाबाद चित्रगुप्त सभा द्वारा शनिवार को जानकी सभागार, रामलीला मैदान, कवि नगर में “फाल्गुनोत्सव एवं अभिनंदन समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। होली मिलन के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे वातावरण में उल्लास व आत्मीयता की झलक दिखाई दी।
सभा के मुख्य संयोजक अनुरंजन श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य 21 दिसंबर 2025 को आयोजित सभा के सातवें वार्षिक समारोह की सफलता का उत्सव मनाना तथा उस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली 32 सहयोगी सभाओं और सहयोगकर्ताओं का सम्मान करना था।


कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री चित्रगुप्त जी की पूजा-अर्चना एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बच्चों के आकर्षक नृत्य और कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में सुमित श्रीवास्तव, डॉ. संजय लाभ, डॉ. अमित कुमार, मनोज श्रीवास्तव और आलोक सिन्हा के गीतों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया और श्रोता झूम उठे। वहीं कुलदीप बरतरिया एवं सुयश प्रसाद के काव्य पाठ को भी उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
कार्यक्रम का सफल मंच संचालन रोमी माथुर और सुयश प्रसाद ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सभा की कोर टीम एवं सभी सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में सभा के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर इंदौर (मध्य प्रदेश) से समाजसेवी एवं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश निगम ने गाजियाबाद चित्रगुप्त सभा के इस सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभा के सभी पदाधिकारियों, आयोजन समिति एवं सहयोगी संस्थाओं को हार्दिक बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन समाज को संगठित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
— राजेश निगम, इंदौर
प्रदेशाध्यक्ष (मध्यप्रदेश)
भारतीय पत्रकार सुरक्षा परिषद
एवं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!