एएसपी ऑपरेशन ने विजयगढ़ किला का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
सोनभद्र। श्रावण मास एवं आगामी कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सोनभद्र पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) सोनभद्र श्री ऋषभ रुणवाल ने थाना रामपुर बरकोनिया क्षेत्र में स्थित विजयगढ़ किला का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ऑपरेशन ने किला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवागमन, पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही श्रावण मास में धार्मिक स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर किए जाने वाले पुलिस प्रबंधों की समीक्षा की।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ क्षेत्र में प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

किला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए।
श्रद्धालुओं से सहयोगात्मक व्यवहार पर जोर
एएसपी ऑपरेशन ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा उनकी आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने पुलिसकर्मियों से पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
